Mohan Cabinet Meeting Update : भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में गुरुवार (23 अक्टूबर 2025) को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों, स्वास्थ्य और विकास मूल्यांकन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दी।
किसानों और स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण निर्णय
Mohan Cabinet Meeting Update : शून्य प्रतिशत ब्याज पर अल्पावधि ऋण जारी: वर्ष 2025-26 के लिए सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर अल्पावधि फसल ऋण दिए जाने की योजना को निरंतर रखने की स्वीकृति दी गई है। इस योजना के तहत किसानों को ₹3 लाख तक का लोन 0% ब्याज पर दिया जाता है। वर्तमान वर्ष में ₹23,000 करोड़ वितरण का लक्ष्य रखा गया है।
अस्पतालों में 800 बेड की बढ़ोतरी: प्रदेश के पाँच जिला चिकित्सालयों— टीकमगढ़, नीमच, सिंगरौली, श्योपुर और डिंडोरी— में बिस्तर संख्या 1,000 से बढ़ाकर 1,800 करने की स्वीकृति दी गई है।
इसके लिए कुल 810 नवीन पद (नियमित 543, संविदा 04, आउटसोर्सिंग 263) के सृजन की भी स्वीकृति दी गई है, जिस पर वार्षिक अनुमानित व्यय ₹39.50 करोड़ होगा।
सतत विकास और प्रशासनिक सुधार
SDG मूल्यांकन योजना को स्वीकृति: प्रदेश में संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित सतत विकास लक्ष्य (SDG) के क्रियान्वयन हेतु SDG मूल्यांकन योजना को आगामी पाँच वर्ष (2025-2030) तक के लिए स्वीकृति दी गई।
इस योजना के तहत ऑनलाइन डैशबोर्ड का रखरखाव होगा और डैशबोर्ड आधारित रैंकिंग अनुसार उत्कृष्ट जिलों को पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रथम जिले को ₹1 करोड़ और द्वितीय जिले को ₹75 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। योजना पर ₹19.10 करोड़ का अनुमानित व्यय होगा।
न्यायालय की स्थापना: सागर जिले के मालथौन में व्यवहार न्यायालय कनिष्ठ खंड के नियमित न्यायालय की स्थापना को स्वीकृति दी गई, जिसके लिए कुल 07 नवीन पद सृजित किए जाएंगे।
पुनर्घनत्वीकरण नीति में संशोधन: पुनर्घनत्वीकरण नीति 2022 में संशोधन कर ऑफसेट मूल्य के निर्धारण में बदलाव किया गया है। अब 100% क्षेत्रफल और 100% कलेक्टर गाइडलाइन रेट पर ऑफसेट मूल्य का निर्धारण होगा। पहले यह 60% क्षेत्रफल पर होता था। इससे विकास कार्यों के लिए अधिक राशि उपलब्ध हो सकेगी।
अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएँ
सोयाबीन खरीदी: अब तक 9.36 लाख सोयाबीन उत्पादक किसानों ने पंजीयन कराया है। किसान अपनी फसल 24 अक्टूबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक बेच सकेंगे।
लाड़ली बहना योजना: अगली किश्त में प्रदेश की सभी लाडली बहनों को ₹1,500 रुपए दिए जाएंगे।
श्री महाकाल लोक: उज्जैन में अब बेसन के लड्डू के अलावा श्रीअन्न (मोटा अनाज) से निर्मित लड्डू भी मिलेंगे। साथ ही श्री महाकाल लोक का खुद का बैंड तैयार किया गया है, जो मंदिर परिसर में रोज बजेगा।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस: 1 से 3 नवंबर तक भोपाल में राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। संभागीय और जिला मुख्यालयों में भी कार्यक्रम होंगे।













