जालंधर। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एसबीएस नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए मुंबई से खालिस्तान समर्थक गैंगस्टर लक्की पटियाल के दो ऑपरेटिव्स को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण रोर्माजारा और जसकरनदीप सिंह उर्फ कालू के रूप में हुई है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि दोनों आरोपियों पर हाल ही में एसबीएस नगर के पोजेवाल कस्बे में एक व्यक्ति की हत्या करने का आरोप है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह हत्या अमेरिका में बैठे अपराधी जसकरण कन्नू के इशारे पर की गई थी। कन्नू, कुख्यात गैंगस्टर लक्की पटियाल का करीबी सहयोगी माना जाता है।
डीजीपी ने बताया कि हत्या की वजह आपसी दुश्मनी थी। इस मामले में पोजेवाल नवांशहर थाने में भारतीय दंड संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
Read News : बिछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोरी के 4 केस सुलझे
कौन है लक्की पटियाल
लक्की पटियाल पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर है और दविंदर बंबीहा गैंग का अहम सदस्य माना जाता है। इस गैंग का नाम पंजाब में हुई कई हत्याओं, फिरौती और सुपारी किलिंग से जुड़ा रहा है। सूत्रों के अनुसार, फिलहाल लक्की पटियाल यूरोप के आर्मेनिया में छिपा हुआ है और वहीं से गिरोह की गतिविधियां संचालित कर रहा है। उस पर पंजाब पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों की कड़ी निगरानी है।













