Kirandul Dance Championship : फकरे आलम खान/किरंदुल (दंतेवाड़ा): छत्तीसगढ़ की लौह नगरी किरंदुल में आयोजित ‘किरंदुल डांस चैंपियनशिप’ ने स्थानीय कला और युवा प्रतिभा को एक नई पहचान दी है। आरोहन क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्य ओडिशा की दर्जनों टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी उपस्थित रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और युवाओं की ऊर्जा की जमकर सराहना की।
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण ‘शिव तांडव’ और ‘कांतारा’ थीम पर आधारित नृत्य रहे, जिन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के तीव्र लय, भावुक अभिनय और अद्भुत तालमेल ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय और रोमांचक बना दिया। इसके अलावा ‘भूलभुलैया’ के ‘मेरे ढोलना’ और ‘एट्रीब्यूट अमिताभ बच्चन’ जैसी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। नन्हें कलाकारों के ‘मातृका ग्रुप’ ने भी अपनी मासूमियत और कला से सबका दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता बेहद कड़े मुकाबले वाली रही, जिसमें निर्णायकों ने बेहद बारीकी और निष्पक्षता से परिणाम घोषित किए। किरंदुल के एबी ग्रुप (शिव तांडव) ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बचेली के एचबी ग्रुप ने द्वितीय और मातृका ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त कर गौरवान्वित किया। विधायक चैतराम अटामी ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से वनांचल के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता, देशभक्ति और स्थानीय आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देना था। शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के बाद अब क्षेत्र के युवाओं की नजरें बचेली में होने वाले आगामी ‘ब्लू बर्ड्स’ कार्यक्रम पर टिकी हैं। किरंदुल डांस चैंपियनशिप ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों की गलियों में भी विश्व स्तरीय कलाकार छिपे हुए हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम एक नजर में
-
प्रथम स्थान: एबी ग्रुप (किरंदुल)
-
द्वितीय स्थान: एचबी ग्रुप (बचेली)
-
तृतीय स्थान: मातृका ग्रुप













