Jhabua Mela Accident : झाबुआ: मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला मुख्यालय स्थित सेंट्रल ग्राउंड में आयोजित मेले में सोमवार शाम एक हृदय विदारक हादसा हो गया। मेले का मुख्य आकर्षण माना जाने वाला ‘ड्रैगन झूला’ अपनी पूरी रफ्तार में घूमते समय अचानक तकनीकी खराबी के कारण टूटकर जमीन पर आ गिरा। इस दुर्घटना में झूले में सवार करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के वक्त मेले में भारी भीड़ मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूला हवा में था तभी तेज आवाज के साथ उसका एक हिस्सा अलग हो गया और लोग सीधे जमीन पर आ गिरे। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
हादसे का लाइव वीडियो वायरल: इस पूरी घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे झूला अचानक टूटता है और लोग नीचे गिर जाते हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था और झूले की फिटनेस पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन की कार्रवाई: हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने मेले में झूला संचालन को फिलहाल बंद करवा दिया है और जांच शुरू कर दी है कि क्या झूले के पास आवश्यक सुरक्षा प्रमाण पत्र (Fitness Certificate) था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार और संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











