Jabalpur UGC Protest : जबलपुर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा जारी किए गए नए नियमों और यूजीसी एक्ट 2026 की नई गाइडलाइन के खिलाफ संस्कारधानी जबलपुर में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। ‘मध्य प्रदेश प्रगतिशील ब्राह्मण महिला संगठन’ ने इन नए प्रावधानों को सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए ‘घातक’ करार देते हुए मोर्चा खोल दिया है। संगठन की महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए यूजीसी के नए आदेश की प्रतियों और गजट नोटिफिकेशन को आग के हवाले कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि यूजीसी एक्ट 2026 की नई गाइडलाइन शैक्षणिक संस्थानों में सामान्य वर्ग के प्रतिभावान छात्रों के लिए असमानता पैदा करने वाली है। संगठन का मानना है कि इन नियमों के लागू होने से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के अवसर सीमित हो जाएंगे, जो उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए इस एक्ट को ‘काला कानून’ की संज्ञा दी।
संगठन की अध्यक्ष वर्षा त्रिवेदी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार और यूजीसी को इन नियमों पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन विसंगतियों को दूर नहीं किया गया और सामान्य वर्ग के हितों की रक्षा नहीं हुई, तो संगठन पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस प्रदर्शन ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई नीतियों को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ दी है। जबलपुर के इस विरोध प्रदर्शन की गूँज अब प्रदेश स्तर पर सुनाई देने लगी है, जहाँ विभिन्न छात्र संगठन भी इस मुद्दे पर एकजुट होते नजर आ रहे हैं। फिलहाल, महिला संगठन ने अपनी मांगों का ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को भेजने का निर्णय लिया है।













