Jabalpur News : जबलपुर। प्रदेश का सबसे बड़ा नवनिर्मित फ्लाईओवर अब स्टंटबाजों और रील बनाने वालों का अड्डा बन गया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें कार की बोनट पर लटककर युवक फ्लाईओवर पर घूमते दिखाई दिए। वहीं, एक बाइक पर छह युवकों के खतरनाक अंदाज में सवारी करने का वीडियो भी सामने आया।
Jabalpur News : 23 अगस्त को इस फ्लाईओवर का भव्य लोकार्पण हुआ था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद यह जगह अवैध गतिविधियों और मनमानी का केंद्र बन गई। पुलिस गश्त न होने से कार और बाइक सवार यहां स्टंट कर रहे हैं, वहीं राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं।
लगातार शिकायतें सामने आने के बाद अब नगर निगम और प्रशासन हरकत में आया है। फ्लाईओवर पर गंदगी फैलाने, ठेले लगाने और स्टंटबाजी कर रील्स बनाने वालों पर अब जुर्माना लगाया जाएगा। महापौर ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों के वीडियो बनाकर सीधे महापौर हेल्पलाइन पर भेजें।
इधर, फ्लाईओवर के ऊपर जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं ताकि लोग गुटखा थूकने, शराब की बोतलें फेंकने और लापरवाही भरे स्टंट करने से बचें। नगर निगम की टीम ने इसके लिए विशेष अभियान भी शुरू कर दिया है।











