जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक परिवार के लिए खुशियों भरा दिन उस समय दर्दनाक त्रासदी में बदल गया, जब शादी की सालगिरह मनाने पहुंची एक महिला की नर्मदा नदी में गिरने से मौत हो गई। यह हृदयविदारक हादसा भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के न्यू भेड़ाघाट इलाके में हुआ, जहां फोटो खिंचवाते समय पैर फिसलने से महिला गहरे पानी में समा गई।
धुआंधार फॉल के पास हुआ हादसा
मृतका की पहचान विजयनगर स्थित रामेश्वर कॉलोनी निवासी स्वाति गर्ग के रूप में हुई है। वे अपने पति आशीष गर्ग और 10 वर्षीय बेटी के साथ विवाह वर्षगांठ मनाने न्यू भेड़ाघाट पहुंची थीं। आशीष गर्ग आयुध निर्माणी खमरिया में जूनियर वर्क्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार घूमते हुए धुआंधार जलप्रपात के पास पहुंचा, जहां स्वाति गर्ग फोटो खिंचवा रही थीं।
Read More : MP Employee Salary Issue : MP में समान काम, लेकिन अलग वेतन! ESB भर्ती कर्मचारियों को लाखों का नुकसान
पैर फिसलते ही नर्मदा में गिरी महिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोटो लेते समय स्वाति गर्ग का अचानक संतुलन बिगड़ा और उनका पैर फिसल गया। देखते ही देखते वे नर्मदा नदी में गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तेज बहाव के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
स्वर्गद्वारी के पास मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ समय बाद स्वर्गद्वारी क्षेत्र के पास नदी में शव तैरता हुआ मिला, जिसे बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी की सालगिरह मनाने गया परिवार गहरे सदमे में लौटने को मजबूर हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पर्यटकों के लिए चेतावनी
भेड़ाघाट की संगमरमर की चट्टानें और धुआंधार जलप्रपात देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं, लेकिन नदी किनारे सेल्फी या फोटो खिंचवाते समय जरा-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन और पुलिस ने पर्यटकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।











