Thursday, October 1, 2026
Home Madhya Pradesh Indore इंदौर एयरपोर्ट हुआ अपग्रेड! CM मोहन यादव ने नए टर्मिनल-1 का किया...

इंदौर एयरपोर्ट हुआ अपग्रेड! CM मोहन यादव ने नए टर्मिनल-1 का किया लोकार्पण, शुरू किया “उड़ान कैफे”

CM Mohan Yadav
CM Mohan Yadav

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क :  मध्यप्रदेश के इंदौर में देवी अहिल्याबाई होल्कर विमानतल पर नए टर्मिनल-1 का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फीता काटकर टर्मिनल का उद्घाटन किया और इसे यात्रियों को समर्पित किया। इस कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

“उड़ान कैफे” बना खास आकर्षण

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने “उड़ान कैफे” का भी शुभारंभ किया। इस कैफे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां यात्रियों को बेहद सस्ती दरों पर खाने-पीने की सुविधा मिलेगी। कैफे में मात्र 10 रुपए में चाय और पानी, जबकि 20 रुपए में पोहा उपलब्ध कराया जाएगा। इससे एयरपोर्ट पर महंगे खानपान से यात्रियों को राहत मिलेगी।

हाईटेक सुविधाओं से लैस टर्मिनल

नया टर्मिनल-1 आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह सुसज्जित है। इसमें हाईटेक चेक-इन काउंटर, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था, विशाल वेटिंग एरिया और आधुनिक बैगेज हैंडलिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे यात्रियों को पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक और तेज सेवाएं मिलेंगी।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह नया टर्मिनल धार्मिक पर्यटन, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों और बिजनेस ट्रैवलर्स के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि इंदौर के पर्यटन और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का भी श्रवण किया। इंदौर एयरपोर्ट पर यह नई पहल शहर को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में यात्रियों का अनुभव और बेहतर होगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here