Insurance Fraud : इंदौर। शहर में इंश्योरेंस पॉलिसी और प्रीमियम के नाम पर करोड़ों के घोटाले की तरह एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। फरियादियों की शिकायत पर थाना कैनरा नगर पुलिस ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए जाने पर दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ममता तोमर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला पहले कोटक महिंद्रा बैंक में कार्यरत थी। नौकरी छोड़ने के बाद उसने खुद को इंश्योरेंस एजेंट बताकर प्राइवेट बीमा कारोबार शुरू किया। इसी दौरान उसने लोगों को उच्च रिटर्न और बोनस का लालच देकर पॉलिसियों में निवेश कराने के बहाने लाखों रुपए ऐंठ लिए।
Insurance Fraud : पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ज्यादातर रिटायर्ड अधिकारी और कर्मचारियों को निशाना बनाया। महिला उन्हें भरोसे में लेकर प्रीमियम की रकम खुद के खाते में जमा कराती थी। लेकिन जब निवेश की वापसी या दस्तावेज मांगे गए, तो वह टालमटोल करने लगी और बाद में संपर्क तोड़ लिया।
क्राइम ब्रांच की जांच में अब तक आठ फरियादी सामने आए हैं, जिनसे करीब 56 लाख रुपये की ठगी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि कई अन्य पीड़ित भी धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं।
Insurance Fraud : पुलिस ने बताया कि आरोपी कई वर्षों से इस तरह की धोखाधड़ी में सक्रिय थी और अलग-अलग बैंकों व इंश्योरेंस कंपनियों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करती थी। फिलहाल गिरफ्तार महिला से पूछताछ जारी है और क्राइम ब्रांच उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।











