इंदौर। इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध भूतनाथ भैरव मंदिर में तीन दिन पहले हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक कहार को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने अपने पिता के साथ हुए विवाद का बदला लेने के लिए पार्किंग संचालक पर जानलेवा हमला किया था। इस घटना में गनीमत यह रही कि गोली युवक की जेब में रखे मोबाइल और एटीएम कार्ड से टकरा गई, जिससे उसकी जान बच गई।
घटनाक्रम के अनुसार, तीन दिन पहले भूतनाथ मंदिर के पार्किंग संचालक विनय प्रजापति पर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने हमला किया था। बदमाशों ने विनय के पास पहुँचकर देसी तमंचे से फायर कर दिया था। घटना के बाद पीड़ित ने राऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी शुरू की, जिसके बाद उज्जैन निवासी दीपक कहार को हिरासत में लिया गया।
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विवाद की जड़ पार्किंग को लेकर हुई एक मामूली बहस थी। कुछ दिन पूर्व आरोपी दीपक के पिता मंदिर आए थे, जहाँ गाड़ी पार्क करने की बात पर उनका विवाद विनय प्रजापति से हो गया था। विवाद से नाराज पिता ने विनय का फोटो खींचकर अपने बेटे दीपक को उज्जैन भेज दिया था। बेटे ने इसे अपने पिता का अपमान माना और बदला लेने की नीयत से अपने साथियों के साथ उज्जैन से राऊ पहुँच गया।
हमले के दौरान आरोपी दीपक ने विनय पर सीधे फायर किया था, लेकिन विनय की जेब में रखे मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड ने कवच का काम किया और गोली उनसे टकराकर रह गई। पुलिस अब इस मामले में दीपक के फरार साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि नकाब पहनकर आए बदमाशों ने पहले इलाके की रेकी की थी और फिर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसके पास अवैध हथियार कहाँ से आया।











