Indore Crime Branch : इंदौर में क्राइम ब्रांच का डबल स्ट्राइक: ऑनलाइन सट्टे का सिंडिकेट ध्वस्त और 16 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ मां-बेटा गिरफ्तार

0
79

Indore Crime Branch : इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में क्राइम ब्रांच ने बीते 24 घंटों में दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अवैध गतिविधियों पर नकेल कसी है। पहली कार्रवाई में पुलिस ने एरोड्रम थाना क्षेत्र के धर्मराज कॉलोनी में दबिश देकर ‘ऑलपैनल’ वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले एक शातिर सट्टेबाज को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरी बड़ी कार्रवाई में पत्थर गोदाम रोड पर घेराबंदी कर रतलाम से ड्रग्स की सप्लाई करने आए मां-बेटे को 16 लाख रुपये की एमडी (MD) ड्रग्स के साथ दबोचा गया है।

ऑनलाइन सट्टे और सूदखोरी का गठजोड़ क्राइम ब्रांच ने सूचना के आधार पर शुभम उर्फ मोनू यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी Allpanelexch9.co वेबसाइट के माध्यम से ग्राहकों को डिजिटल आईडी और कॉइन्स बेचकर सट्टा लगवाता था। तलाशी के दौरान पुलिस को शुभम के मोबाइल से लाखों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी केवल सट्टेबाजी ही नहीं, बल्कि ऊंचे ब्याज पर पैसे देने यानी सूदखोरी के अवैध धंधे में भी लिप्त था। पुलिस अब इस वेबसाइट के मुख्य सर्वर और मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।

मजदूरी की आड़ में ‘मौत के सौदागर’ नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने पत्थर गोदाम रोड पर नाकेबंदी कर रतलाम के पिपलौदा निवासी नावेद और उसकी मां मुमताज को पकड़ा है। इनके बैग से 159 ग्राम एमडी ड्रग्स और करीब एक किलो डोडा चूरा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 16 लाख 80 हजार रुपये है। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी मजदूरी की आड़ में तस्करी कर रहे थे और रतलाम से लाकर इंदौर में स्थानीय पैडलर्स को नशा सप्लाई करते थे। इंदौर पुलिस ने साल 2026 में अब तक नशे के 26 केस दर्ज कर 41 तस्करों को जेल भेजा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here