Janjgir-Champa Crime: जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। 20 सितंबर को कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम बनारी में एक मकान में चल रहे कथित जुआ फड़ पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 4 लाख 28 हजार 420 रुपये नगद, ताशपत्ती और अन्य सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस टीम को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बनारी मेन रोड से अंदर एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने मौके की घेराबंदी कर अचानक रेड की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से 9 लोगों को पकड़ा गया। तलाशी में उनके कब्जे से नकदी और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई।
मकान मालिक पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार जिस मकान में जुआ खेला जा रहा था, उसके मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर मकान मालिक के खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने भैरव मिश्रा उर्फ मोगली, अखिलेश राठौर, रामनारायण राठौर, धीरज पाठक, राहुल बजाज, तालिब खान, अविनाश राठौर, मुकेश बजाज और कृष्ण कुमार चंद्र को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
Janjgir-Champa Crime: यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने कहा है कि जिले में आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ चेकिंग और धरपकड़ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






