SBI Kiosk Fraud: SBI कियोस्क में 1 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी, संचालक गिरफ्तार; 29 खाताधारकों के FD बॉन्ड और लैपटॉप जब्त

Sanjay Sahu
SBI Kiosk Fraud:

SBI Kiosk Fraud: धमतरी। भखारा पुलिस ने SBI कियोस्क के जरिए खाताधारकों से कथित धोखाधड़ी और बड़ी रकम के गबन के मामले में कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर करीब 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान केशव राम साहू (40), पिता हेमलाल साहू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बालोद जिले के देवकोट का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के बोरियाखुर्द स्थित अर्जुन विहार में रहता है।

SBI के अनुबंध पर चलता था कियोस्क

पुलिस के अनुसार धमतरी की NICT Technologies Pvt. Ltd. कंपनी SBI के अनुबंध पर ग्राहक सेवा केंद्र यानी कियोस्क संचालित कराती है। ग्राम कोरा में कियोस्क चलाने की जिम्मेदारी आरोपी केशव राम साहू को दी गई थी।

कंपनी के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर ने इस मामले में भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

2015 से 2025 के बीच गड़बड़ी का आरोप

पुलिस जांच के अनुसार 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच आरोपी ने SBI खाताधारकों के साथ कथित तौर पर वित्तीय अनियमितता की। जांच में धोखाधड़ी और कूटरचना के जरिए कुल 1,00,75,717 रुपये के गबन की बात सामने आई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भखारा थाने में BNS की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत मामला दर्ज किया।

लैपटॉप और 29 FD बॉन्ड जब्त

SBI Kiosk Fraud: जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से Lenovo कंपनी का एक लैपटॉप और 29 खाताधारकों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर जब्त किए गए।

SBI Kiosk Fraud: पुलिस ने जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय कुरूद में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *