ग्वालियर। जिले के डबरा में मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस की शाखा में हुए करोड़ों के घोटाले के आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से 4 किलो से अधिक सोना बरामद किया गया है। आरोपी असिस्टेंट मैनेजर विकास कुमार और उनके पिता महेश को राजस्थान के भरतपुर से पकड़ कर लाया गया।
पुलिस के अनुसार, विकास कुमार इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था। उसने आगरा से सोने की ज्वेलरी लाकर आठ डिब्बों में जमा कर दी थी और लॉकर की डुप्लीकेट चाबी भी हासिल कर रखी थी। 20 और 21 सितंबर के बीच हुई इस चोरी की सूचना 29 सितंबर को दिव्यरंजन मोहंती ने डबरा सिटी कोतवाली में दी थी।
जांच में पता चला कि शाखा की तिजोरियों में कुल 4 किलो 318 ग्राम सोने की ज्वेलरी गायब थी, जिसकी कीमत लगभग 5.7 करोड़ रुपए बताई जा रही है। चोरी के बाद आरोपियों ने नकली गहने तिजोरी में रख दिए थे। पुलिस ने पाया कि विकास कुमार ने शाखा का सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदल दी थी और इंटरनेट का तार भी काट दिया था, ताकि चोरी पकड़ी न जाए।
धर्मवीर सिंह, SSP ग्वालियर ने बताया कि पिता-पुत्र के कब्जे से 4 किलो से अधिक सोना और 67,000 रुपये की नगदी बरामद हुई है। करीब 180 ग्राम सोना पहले ही बेच दिया गया था, जिसे बरामद करने की कोशिश जारी है।
पुलिस ने कहा कि विकास कुमार और उसके पिता की राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पहले भी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
धर्मवीर सिंह, SSP ग्वालियर – “असिस्टेंट मैनेजर और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद सोना और नगदी के साथ मामले की आगे की जांच जारी है।”













