नई दिल्ली। भारत से अमेरिका जाने वाले डाक पार्सल और पैकेट 25 अगस्त से नहीं भेजे जा सकेंगे। संचार मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी दी कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नए टैरिफ नियमों के चलते यह रोक लगाई जा रही है। फिलहाल केवल सामान्य पत्र और 100 डॉलर (करीब 8700 रुपए) तक के गिफ्ट भेजने की अनुमति होगी।
Read news : गुना में हैरान करने वाली हत्या, बहन के बर्थडे केक वाला चाकू ही बना खून का हथियार, आरोपी भाई गिरफ्तार
ट्रम्प प्रशासन ने 30 जुलाई को आदेश जारी किया था कि 29 अगस्त से 800 डॉलर (करीब 70 हजार रुपए) तक के सामान पर मिलने वाली ड्यूटी-फ्री छूट खत्म कर दी जाएगी। इसके बाद अमेरिका भेजे जाने वाले हर डाक पार्सल पर कस्टम ड्यूटी लगेगी।
भारतीय डाक विभाग ने साफ किया है कि अमेरिकी कस्टम्स और बॉर्डर प्रोटेक्शन की ओर से ड्यूटी वसूलने की प्रक्रिया और टेक्निकल तैयारियों को लेकर अब तक स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं। ऐसे में 25 अगस्त से अमेरिका के लिए ज्यादातर डाक सेवाओं की बुकिंग अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी।
भारत ही नहीं, जर्मनी, इटली, ब्रिटेन, फ्रांस, नीदरलैंड और ऑस्ट्रिया समेत कई यूरोपीय देशों ने भी अमेरिका को डाक सेवाएं निलंबित कर दी हैं। जर्मनी की डॉयचे पोस्ट ने निजी और कारोबारी ग्राहकों के पार्सल भेजने पर रोक लगाई है, जबकि ब्रिटेन की रॉयल मेल सर्विस ने अमेरिका के लिए सभी पैकेज निलंबित कर दिए हैं।
डाक विभाग के अनुसार, यह अस्थायी कदम है और जैसे ही अमेरिका की ओर से स्पष्ट दिशानिर्देश मिलेंगे, सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी। जिन ग्राहकों ने पहले से पार्सल बुक किया है और अब वह अमेरिका नहीं भेजा जा सकता, उन्हें भुगतान वापस किया जाएगा।













