घाना: अफ्रीकी देश घाना में इन दिनों एक अजीबो-गरीब घटनाक्रम ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। यहां खुद को आधुनिक समय का नोआ (Noah) बताने वाले एक युवक की भविष्यवाणी के बाद हजारों लोग समुद्र तट पर जमा हो गए। लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों लोग नावों में शरण लेने पहुंचे। वजह थी 25 दिसंबर को दुनिया खत्म होने की भविष्यवाणी।
कौन है खुद को नोआ बताने वाला शख्स?
इस शख्स का नाम एबो नोआ (Eboh Noah) बताया जा रहा है, जिसकी उम्र करीब 30 साल है। वह खुद को एबो जीसस भी कहता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एबो ने दावा किया है कि भगवान ने उसे चेतावनी दी है कि 25 दिसंबर को भारी बारिश और विनाशकारी बाढ़ आएगी, जिससे पूरी दुनिया तबाह हो जाएगी।
Read More : Big News : उन्नाव रेप केस में नया मोड़! कुलदीप सेंगर की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका
बाइबल की कहानी से जोड़ा खुद को
एबो नोआ ने अपनी पहचान बाइबल में वर्णित नोआ की कहानी से जोड़ते हुए एक बड़ी नाव (Ark of Noah) बनाने का दावा किया है। उसका कहना है कि इस महाप्रलय से सिर्फ वही लोग बच पाएंगे जो उसकी बनाई नावों में शरण लेंगे। उसने यह भी कहा कि वह अगले तीन साल तक नाव पर ही रहने की योजना बना रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एबो और उसके समर्थक छोटी-छोटी नावें बनाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, जानकारों का कहना है कि ये नावें किसी बड़ी बाढ़ का सामना करने में सक्षम नहीं हैं। इसके बावजूद सैकड़ों लोग उसकी बातों पर विश्वास कर समुद्र किनारे जमा हो गए।
भविष्यवाणी से फैली अफरा-तफरी
एबो नोआ की इस भविष्यवाणी ने स्थानीय प्रशासन और आम लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञ इसे अफवाह और धार्मिक भावनाओं के भड़काने का मामला मान रहे हैं, जबकि अनुयायी इसे ईश्वरीय संदेश बता रहे हैं।













