Durga Visarjan 2025 : सीहोर | सीहोर जिले में आगामी दुर्गा विसर्जन और दशहरा पर्व (रावण दहन) के बड़े आयोजनों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। आज, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और कलेक्टर बालागुरु के. ने संयुक्त रूप से सीहोर शहर में होने वाले इन आयोजनों की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सबसे पहले विसर्जन स्थलों और रावण दहन की मुख्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सभी संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए गए। सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए, अधिकारियों ने जुलूसों के लिए सुरक्षित मार्ग, बिजली के तारों से बचाव, और किसी भी आपात स्थिति के लिए अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
Durga Visarjan 2025 : विसर्जन घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। यहां एसडीआरएफ टीम और गोताखोरों की तैनाती की जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहे। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने केवल शहरी क्षेत्र तक ही निरीक्षण सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्होंने जिले के श्यामपुर, दोराहा और अहमदपुर जैसे ग्रामीण थाना क्षेत्रों का भी दौरा किया। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर ग्रामीण अंचलों में होने वाले दशहरा उत्सव और दुर्गा विसर्जन स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
READ MORE : इंदौर में आज खेला जाएगा महिला वनडे विश्व कप का मैच…..सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए, जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों और स्थानीय निकायों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहरी क्षेत्र में सीएमओ नगर पालिका सीहोर, पीडब्ल्यूडी और एमपीईबी के अधिकारी व्यवस्थाएं संभालेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में विसर्जन स्थलों पर पटवारी, ग्राम कोटवार, ग्राम सचिव, रोजगार सहायक, नगर सैनिक, और नगर रक्षा समिति के सदस्यों को भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।









