Indore Mayor: 4 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे इंदौर महापौर, जल संरक्षण, सड़क और ट्रैफिक सुधार पर दिया जोर

Anuj Nirala

Indore Mayor: इंदौर। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम परिषद ने अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे कर पांचवें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। इस अवसर पर नगर निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर ने पिछले चार वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने शहर में किए गए विकास कार्यों, राजस्व वृद्धि, जल संरक्षण, सड़क निर्माण, यातायात सुधार और कॉलोनियों के नियमितीकरण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी दी।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि पिछले चार वर्षों में नगर निगम ने शहर के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नए शैक्षणिक संस्थानों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता में लगातार देशभर में अग्रणी रहने के बाद अब निगम का मुख्य फोकस जल संरक्षण और भू-जल स्तर बढ़ाने पर है। इसके लिए शहरभर में बड़े पैमाने पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में जल संकट से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

MP Crime: रीवा में दुकान पर शराब पिलाने से मना किया तो युवकों पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई दबंगई

नगर निगम की आय बढ़ाने पर विशेष फोकस

महापौर ने कहा कि नगर निगम की आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाने के लिए नए राजस्व स्रोत विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही शहर में अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और निगम की आय में भी वृद्धि हो।

नामांतरण गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई

Indore Mayor: नामांतरण प्रक्रिया में अनियमितताओं के सवाल पर महापौर ने स्वीकार किया कि कुछ शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों के कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरे कराना निगम की प्राथमिकता है।

ट्रैफिक और बिजली व्यवस्था पर भी दिया जवाब

यातायात व्यवस्था को लेकर महापौर ने कहा कि दुनिया का कोई भी बड़ा शहर ट्रैफिक की चुनौती से पूरी तरह मुक्त नहीं है, लेकिन इंदौर में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं बिजली संबंधी शिकायतों पर उन्होंने बताया कि कुछ वार्डों से समस्या की जानकारी मिली थी, जिसे संबंधित विभाग के माध्यम से जल्द दूर किया जाएगा।

बारिश के बाद बनेंगी नई सड़कें

Indore Mayor: शहर की सड़कों में गड्ढों को लेकर उठ रहे सवालों पर महापौर ने कहा कि फिलहाल बारिश के मौसम को देखते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों पर पैचवर्क कराया जा रहा है। बारिश समाप्त होने के बाद नई सड़कों का निर्माण और व्यापक मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।

MP Crime: एयरफोर्स जॉइन करने से एक दिन पहले रची गई हत्या की साजिश, बैतूल पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

153 कॉलोनियों का हुआ नियमितीकरण

Indore Mayor: महापौर ने बताया कि शहर में अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया लगातार जारी है। अब तक 153 कॉलोनियों को वैध किया जा चुका है, जिससे हजारों परिवारों को कानूनी सुविधाओं और मूलभूत सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम आने वाले वर्ष में भी विकास कार्यों की गति को और तेज करेगा तथा इंदौर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और बेहतर बुनियादी सुविधाओं वाला शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *