निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि वे एक महीने तक दुनिया के सभी संपर्कों से दूर रहेंगे और इस दौरान किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवधि में न तो बागेश्वर धाम में दिव्य दरबार लगेगा, न कथा होगी और न ही वे किसी से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे मोबाइल, टीवी और इंटरव्यू जैसे सभी माध्यमों से भी दूर रहेंगे।
बद्रीनाथ के पहाड़ों में करेंगे एकांतवास
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिव्य दरबार के दौरान बताया कि वे मई महीने में उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम के पहाड़ों में एक महीने तक एकांतवास में रहेंगे।
इस दौरान वे पूरी तरह से ईश्वर भक्ति और साधना में लीन रहेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया के शोर-शराबे से दूर रहकर वे आत्मचिंतन और आध्यात्मिक साधना करेंगे।
बाबा के अनुसार, इस साधना का उद्देश्य आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करना और भविष्य के कार्यों की नई दिशा तय करना है।
Read More : M.P News : दमोह में दिल दहला देने वाली वारदात! नाबालिग की हत्या कर आरोपी ने खाया उसका ‘दिमाग’, पिया खून
साधना के बाद नई ऊर्जा के साथ लौटेंगे
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जब वे साधना से लौटेंगे तो नई ऊर्जा, नए विचार और नए संकल्प के साथ समाज के लिए कुछ नया करने की तैयारी करेंगे।
उनका कहना है कि आध्यात्मिक साधना व्यक्ति को आत्मबल देती है और समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा भी देती है।
शादी को लेकर भी दिया बड़ा बयान
दिव्य दरबार के दौरान जब उनकी शादी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि गुरु की आज्ञा से उन्होंने अपनी माता से लड़की देखने के लिए कह दिया है।उन्होंने कहा कि उनकी शादी निश्चित रूप से होगी और जल्द ही इस संबंध में अच्छी खबर भी सामने आ सकती है।
बाबा ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी शादी उनकी माता की पसंद से ही होगी। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में जो भी निर्णय होते हैं, वे परिवार और गुरु की सलाह से ही लिए जाते हैं।इस घोषणा के बाद उनके अनुयायियों और श्रद्धालुओं के बीच इस एक महीने की साधना को लेकर काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है।











