Wednesday, September 16, 2026
Home Chhattisgarh Dharamjaigarh Accident: वरिष्ठ पत्रकार शेख आलम की मौत, दर्दनाक सड़क हादसा, सवारियों...

Dharamjaigarh Accident: वरिष्ठ पत्रकार शेख आलम की मौत, दर्दनाक सड़क हादसा, सवारियों से भरी पिकअप ट्रांसफार्मर से टकराई

Dharamjaigarh Accident
Dharamjaigarh Accident

Dharamjaigarh Accident: धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र में अलग-अलग समय पर हुए दो सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक हादसे में गंभीर रूप से घायल वरिष्ठ पत्रकार शेख आलम की रायगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरे हादसे में सवारियों से भरी पिकअप बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद खंभे पर लगा ट्रांसफार्मर टूटकर पिकअप के ऊपर जा गिरा, जिससे कई सवारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार शेख आलम का निधन

धरमजयगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार शेख आलम (करीब 40 वर्ष) सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शेख आलम लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे और पूर्व में कई प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके थे। हाल के दिनों में वे एक निजी न्यूज चैनल में संवाददाता के तौर पर कार्यरत थे।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार 15 सितंबर की शाम करीब 6 बजे धरमजयगढ़ से लगभग 30 किलोमीटर दूर सिसरिंगा-तेजपुर के पास शेख आलम घायल अवस्था में मिले थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया।

रायगढ़ में इलाज के दौरान रात करीब 10 बजे शेख आलम ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। हालांकि उन्हें चोट कैसे लगी और हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शेख आलम के निधन की खबर से धरमजयगढ़ के पत्रकारिता जगत और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।

पिकअप बिजली के खंभे से टकराई, ऊपर गिरा ट्रांसफार्मर

वहीं, धरमजयगढ़ कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 2 बजे एक अन्य सड़क हादसा हुआ। सवारियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे पर लगा ट्रांसफार्मर टूटकर पिकअप के ऊपर जा गिरा।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय पिकअप में करीब 15 से 20 लोग सवार थे। ट्रांसफार्मर के वाहन के ऊपर गिरने से कुछ सवारियों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। हादसे में बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

Dharamjaigarh Accident: धरमजयगढ़ क्षेत्र में सामने आए दोनों हादसों ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं। वरिष्ठ पत्रकार शेख आलम की मौत से जुड़े हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here