Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना में 542 महिलाएं अपात्र, करीब 30 लाख रुपए की होगी वसूली; सत्यापन जारी

Sanjay Sahu
Mahtari Vandan Yojana

Mahtari Vandan Yojana: बिलासपुर। महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों की पात्रता जांच में बिलासपुर जिले में 542 महिलाएं अपात्र पाई गई हैं। जिले में योजना का लाभ ले रहीं 4 लाख 17 हजार 902 महिलाओं के सत्यापन के दौरान ये मामले सामने आए। महिला एवं बाल विकास विभाग के मुताबिक, अपात्र हितग्राहियों से करीब 30 लाख रुपए की राशि की वसूली की गई है। विभाग की ओर से सत्यापन और वसूली की प्रक्रिया अभी जारी है।

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे आधार लिंक बैंक खातों में जमा की जाती है। शिकायतों और शासन स्तर से मिली जानकारी के बाद विभाग ने हितग्राहियों की पात्रता का सत्यापन शुरू किया था।

31 किश्तों में बांटे गए 12.16 अरब रुपए

बिलासपुर जिले में योजना की अब तक 31 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। इन किश्तों के जरिए करीब 12.16 अरब रुपए हितग्राहियों के बैंक खातों में जमा किए जाने की जानकारी दी गई है। इसी दौरान अपात्र पाए गए हितग्राहियों की पहचान कर उनसे राशि की वसूली की जा रही है।

मृत हितग्राहियों के मामलों में भी वसूली

जांच में ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें योजना की हितग्राही की मृत्यु के बाद भी खाते से राशि आहरित की गई। विभाग ने ऐसे मामलों में संबंधित उत्तराधिकारियों से राशि की वसूली की है। अब तक इस श्रेणी में करीब 7.60 लाख रुपए की वसूली किए जाने की जानकारी दी गई है।

98.58 फीसदी हितग्राहियों की KYC पूरी

पात्रता सत्यापन के लिए KYC प्रक्रिया भी जारी है। जिले के 4,17,902 हितग्राहियों में से 4,11,989 की KYC पूरी हो चुकी है। यानी 98.58 प्रतिशत हितग्राहियों का सत्यापन पूरा हो चुका है। शेष हितग्राहियों की KYC और पात्रता जांच जारी है।

Mahtari Vandan Yojana: विभाग के अनुसार, बाकी हितग्राहियों का सत्यापन पूरा होने के बाद अपात्रता से जुड़े कुछ और मामले सामने आ सकते हैं। अब विभाग का फोकस अपात्र हितग्राहियों से राशि की वसूली के साथ पात्रता की जांच पूरी करने पर है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *