Dhamtari News Crime Report : धमतरी। शहर के बांसपारा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सैलून में घुसकर किया हमला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल प्रिंस नेताम पिता विष्णु नेताम, जो बांसपारा का निवासी है, आज इतवारी बाजार स्थित प्रदीप सैलून में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी आशुतोष उर्फ आशिष यादव (20 वर्ष) ने उसे अकेला पाकर चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम सक्रिय हुई और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों व गवाहों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
बदले की आग में दिया वारदात को अंजाम जांच में खुलासा हुआ कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। बीते साल नवंबर में प्रिंस नेताम ने आरोपी आशिष यादव पर हंसिया से हमला किया था, जिसके बाद प्रिंस को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। बाल संप्रेक्षण गृह से छूटकर आने के बाद से ही आशिष यादव बदले की फिराक में था और मौका मिलते ही उसने प्रिंस पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई कोतवाली पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशुतोष उर्फ आशिष यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू भी जब्त कर लिया है। थाना सिटी कोतवाली में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 109(1), 296, 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मामले की आगे की विवेचना शुरू कर दी है।











