गुवाहाटी : असम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से कुल 3.4 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। इस दौरान दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस कार्रवाई की जानकारी साझा की।
गुवाहाटी से 1.8 करोड़ की हेरोइन बरामद
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुवाहाटी के चचल इलाके में ड्रग्स की खेप छुपाई गई है। छापेमारी में पुलिस ने 355 ग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 1.8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
कछार जिले से 1.6 करोड़ की हेरोइन
दूसरी कार्रवाई कछार जिले के तोलेनग्राम इलाके में की गई। यहां पुलिस ने एक अन्य आरोपी के पास से 300 ग्राम हेरोइन बरामद की। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.6 करोड़ रुपये आंकी गई है।
हाल में 10 करोड़ की ‘याबा’ गोलियां भी जब्त
गौरतलब है कि हाल ही में असम पुलिस ने श्रीभूमि ज़िले में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की प्रतिबंधित ‘याबा’ गोलियां जब्त की थीं। उस समय पुलिस ने करीब 70,000 गोलियां बरामद कर एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया था।
लगातार जारी है अभियान
असम पुलिस लगातार ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










