Crime Against Women : बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में महिला संबंधी अपराध पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और गर्भवती होने पर जबरन उसका गर्भपात भी कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
दोस्ती की आड़ में किया शोषण पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया बिलासपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। कॉलेज के दौरान उसकी पहचान गौरव दुबे से हुई थी। बातचीत के दौरान गौरव ने उसे अपने विश्वास में लिया और शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान जब पीड़िता गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया।
शादी से किया इनकार पीड़िता का आरोप है कि गर्भपात कराने के बाद भी आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी गौरव दुबे ने साफ तौर पर इनकार कर दिया। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने ७ मार्च २०२६ को सरकंडा थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर आरोपी गौरव दुबे (२१ वर्ष), निवासी दीनदयाल कॉलोनी (मंगला), को रिपोर्ट के चंद घंटों के भीतर ८ मार्च २०२६ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा ६९ और ८९ के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।











