Wednesday, September 9, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Crime Branch Indore Gang Arrested : इंदौर: ‘रंगपंचमी गेर’ में लूट की...

Crime Branch Indore Gang Arrested : इंदौर: ‘रंगपंचमी गेर’ में लूट की साजिश नाकाम, फ्लाइट से आए 20 पेशेवर चोर गिरफ्तार

Crime Branch Indore Gang Arrested :  इंदौर। इंदौर की विश्व प्रसिद्ध ‘रंगपंचमी गेर’ में लाखों की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और जेबकतरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने आए एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह को पुलिस ने समय रहते धर दबोचा है। क्राइम ब्रांच और छोटी ग्वालटोली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिहार और नेपाल से आए कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि ये सभी शातिर अपराधी फ्लाइट से इंदौर पहुंचे थे।

होटलों में रुके थे अपराधी एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गेर के दौरान भीड़ का लाभ उठाने के लिए बाहरी राज्यों और देशों से संदिग्ध लोग इंदौर आए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सरवटे बस स्टैंड के पास स्थित ‘होटल नीलम’ और ‘होटल गौरव’ में दबिश दी। वहां से 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जो चोरी की वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

फ्लाइट से आए थे लुटेरे पकड़े गए आरोपियों की पृष्ठभूमि बेहद हैरान करने वाली है:

  • बिहार कनेक्शन: 15 आरोपी बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण से फ्लाइट के जरिए इंदौर पहुंचे थे।

  • नेपाल कनेक्शन: 5 आरोपी नेपाल की राजधानी काठमांडू से हवाई मार्ग से इंदौर आए थे।

  • उद्देश्य: सभी आरोपी भीड़भाड़ वाले आयोजनों में मोबाइल, सोने के आभूषण और पर्स पार करने में माहिर हैं। इनका मकसद गेर में जुटने वाली करीब पांच लाख की भीड़ के बीच बड़ी चोरी करना था।

बाइट – रामसनेही मिश्रा (एडिशनल डीसीपी): “पुलिस को इनपुट मिला था कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गेर के दौरान वारदात करने की फिराक में हैं। हमारी टीम ने होटलों की घेराबंदी की और इन्हें पकड़ा। ये सभी पेशेवर अपराधी हैं जो हवाई यात्रा कर शहरों में आते हैं ताकि शक न हो। समय रहते इन आरोपियों को पकड़कर हमने एक बड़े अपराध को टाल दिया है। फिलहाल इनसे पूछताछ की जा रही है ताकि इनके अन्य साथियों का पता लगाया जा सके।”

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने गेर में शामिल होने वाले लाखों भक्तों और पर्यटकों को एक बड़े नुकसान से बचा लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here