Haryana Congress Cash for Ticket : ‘मैं राहुल गांधी को आईना दिखाऊंगा’: हरियाणा कांग्रेस नेता के पति का सीधा चैलेंज

Haryana Congress Cash for Ticket : नई दिल्ली/चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर चल रहा विवाद अब एक बड़े भ्रष्टाचार के आरोपों में तब्दील हो गया है। हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव के पति गौरव कुमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर ‘टिकट के बदले पैसे’ लेने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने सीधे तौर पर सांसद राहुल गांधी को चुनौती देते हुए पार्टी के भीतर चल रहे खेल का पर्दाफाश करने का दावा किया है।

‘चैट में पैसे लेने की बात स्वीकार की’ गौरव कुमार ने दावा किया है कि उन्होंने अपनी पत्नी के लिए विधानसभा चुनाव का टिकट सुरक्षित करने के एवज में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को भारी रकम दी थी। उन्होंने कहा, “मेरे पास ऐसी चैट मौजूद है जिसमें नेताओं ने खुद स्वीकार किया है कि उन्होंने पैसे लिए हैं। अभी मैंने केवल तीन-चार नाम सार्वजनिक किए हैं, लेकिन इस सूची में कई और बड़े चेहरे शामिल हैं।”

राहुल गांधी को खुली चुनौती कांग्रेस नेतृत्व पर कड़ा प्रहार करते हुए गौरव कुमार ने कहा, “मैं राहुल गांधी को खुला चैलेंज देता हूँ। मैं आपको आईना दिखाऊँगा कि आपके अपने घर में क्या हो रहा है और आपके वरिष्ठ नेता क्या गुल खिला रहे हैं। या तो आपको अंधेरे में रखा जा रहा है, या फिर यह सब आपकी मर्जी से हो रहा है।”

दलित कार्ड और धोखे का आरोप महिला महासचिव ने भी पार्टी आलाकमान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मैं एक दलित समुदाय से हूँ, एक शहीद की बेटी हूँ और मेरा परिवार पिछले 56 वर्षों से कांग्रेस की सेवा कर रहा है। हमने पार्टी को करोड़ों रुपये दिए, लेकिन बदले में हमें केवल झूठी उम्मीदें और अपमान मिला। आलाकमान दलितों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहा है।”

इस्तीफे पर बढ़ा सस्पेंस महासचिव ने खुलासा किया कि वे पार्टी की कार्यप्रणाली से इतनी आहत हैं कि उन्होंने 12 दिन पहले ही अपना इस्तीफा सौंप दिया था। हालांकि, उनका दावा है कि पार्टी ने अब तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल कार्यकर्ताओं का शोषण करना जानती है, उन्हें सम्मान देना नहीं।

Share The News

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *