CG News : कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ग्राम बनवार (जड़गा चौकी) में भारी बारिश के कारण एक कुआं धंस गया, जिसमें दबकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार दोपहर हुआ और गांव में मातम का माहौल फैल गया।
कैसे हुआ हादसा…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य कुएं से मोटर पंप निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक कुएं की दीवार धंस गई और तीनों लोग उसमें दब गए। मलबा इतना ज्यादा था कि उन्हें तत्काल नहीं निकाला जा सका।
मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद तीनों शवों को मलबे से बाहर निकाला गया। प्रशासन ने मृतकों के परिवार को सांत्वना दी है और मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गांव में पसरा मातम
तीनों मृतक एक ही परिवार से होने के कारण गांव में शोक की लहर है। हादसे ने पूरे बनवार गांव को झकझोर कर रख दिया है। भारी बारिश के चलते राज्य के कई हिस्सों में इस तरह के हादसों का खतरा बना हुआ है।











