Singrauli News Borewell Rescue : सिंगरौली में ‘ऑपरेशन जज्बा’: 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरी 12 हजारी बकरी, ग्रामीणों ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला

VIKASH KHALKHO

Singrauli News Borewell Rescue : सिंगरौली (देवसर): मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुर्सा के भाट टोला में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पशुपालक महेश कोरी की एक कीमती बकरी खेत में बने पुराने और खुले बोरवेल में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बकरी लगभग 30 फीट की गहराई पर जाकर फंस गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और बेजुबान को बचाने की जद्दोजहद शुरू हुई।

इस संकट की घड़ी में युवा समाजसेवी अरुण कुमार साहू ने तत्परता दिखाई और मौके पर तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाई। इसके बाद रामऔतार साहू, श्याम कुमार, छोटेलाल, रघुनाथ, लवकुश और बुद्धिमान कोरी सहित अन्य ग्रामीणों ने कंधे से कंधा मिलाकर रेस्क्यू अभियान छेड़ दिया। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ भरे प्रयासों के बाद आखिरकार बकरी को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पशुपालक के अनुसार, इस बकरी की बाजार में कीमत लगभग 12 हजार रुपये है। बकरी के सुरक्षित बाहर आते ही मालिक महेश कोरी और पूरे गांव ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने समाजसेवी अरुण साहू की सक्रियता की जमकर सराहना की है, जिनके समय पर लिए गए फैसले से एक बेजुबान की जान बच सकी।

हालांकि, इस सुखद अंत के बीच एक बड़ा सवाल प्रशासन की अनदेखी पर भी खड़ा होता है। शासन द्वारा बार-बार खुले बोरवेल और कुओं को ढंकने के सख्त निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी डरावनी है। कुर्सा की यह घटना एक चेतावनी है कि यदि समय रहते इन खुले ‘मौत के गड्ढों’ को बंद नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि भी हो सकती है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *