CG NEWS: दुर्ग : दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने समोदा पहुंचकर खेत का निरीक्षण किया और इसके बाद सोशल मीडिया पर लगातार दो पोस्ट कर कई सवाल उठाए।
CG NEWS: भूपेश बघेल ने अपने पहले पोस्ट में कहा कि दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में करीब 10 एकड़ खेत में अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति का नाम इस मामले में सामने आ रहा है, वह भाजपा किसान मोर्चा से जुड़ा बताया जा रहा है और उसका बड़े अधिकारियों व मंत्रियों के साथ उठना-बैठना बताया जा रहा है। बघेल ने सवाल उठाया कि यह अफीम की खेती भाजपा किसान मोर्चा का प्रोजेक्ट है या फिर इसमें मंत्रियों की भूमिका है।
CG NEWS: अपने दूसरे पोस्ट में भूपेश बघेल ने ‘सुशासन’ पर भी तंज कसते हुए कहा कि समोदा का यह खेत भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले विधानसभा में उन्होंने सूखे नशे के मुद्दे पर गृहमंत्री विजय शर्मा से सवाल किए थे, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला था।
CG NEWS: बघेल ने यह भी कहा कि सूखे नशे की तस्करी में लिप्त नव्या मलिक का नाम प्रदेश में काफी चर्चित रहा है, लेकिन सरकार की सूची में उसका नाम शामिल नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उसका नाम सूची से कैसे और किसके कहने पर हटाया गया। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि क्या नव्या मलिक और अफीम की इस खेती के बीच कोई संबंध है।
CG NEWS: पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अफीम के पौधे से ही हेरोइन जैसे अवैध नशीले पदार्थ का निर्माण होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी राजनीतिक व्यक्ति के खेत में इस तरह की खेती हो रही है तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
CG NEWS: भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा से कई सवाल भी किए। उन्होंने पूछा कि इस अवैध खेती में कौन-कौन मंत्री या अधिकारी शामिल हैं, नव्या मलिक कितनी बार विदेश गई और किन लोगों के साथ गई, तथा विनायक ताम्रकार के किन-किन नेताओं और अधिकारियों से संबंध हैं।
CG NEWS: उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि विनायक ताम्रकार मुख्यमंत्री निवास में कब-कब आया और उसका सत्ता से जुड़े लोगों के साथ क्या संबंध है। अंत में बघेल ने कहा कि सरकार की चुप्पी से जनता के संदेह और गहरे हो रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रदेश में सूखे नशे को बढ़ावा मिल रहा है और इससे कानून व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।











