CG NEWS: रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों को इस बार होली जैसे बड़े त्यौहार में भी वेतन नहीं मिल पाया, जिसके कारण वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
CG NEWS: एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी ने बताया कि होली जैसे बड़े त्यौहार के अवसर पर भी वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी के बजाय चिंता साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के इस दौर में बिना वेतन के परिवार का भरण-पोषण करना अत्यंत कठिन हो गया है।
CG NEWS: उन्होंने कहा कि वृद्ध माता-पिता की दवाइयों का खर्च, घर का किराया, बच्चों की पढ़ाई और स्कूल फीस जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करना कर्मचारियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में त्यौहार के लिए आवश्यक वस्तुएँ खरीद पाना भी संभव नहीं हो पा रहा है। यदि समय पर वेतन जारी नहीं हुआ तो इस बार भी कर्मचारियों की होली फीकी रहने की आशंका है।
CG NEWS: संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पूरे वर्ष प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को ही त्यौहार के समय वेतन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन एवं विभागीय अधिकारियों से कर्मचारियों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र वेतन जारी करने की अपील की।
CG NEWS: उन्होंने यह भी प्रश्न उठाया कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव एवं अन्य उच्च अधिकारियों द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों के बावजूद वेतन जारी करने में देरी क्यों हो रही है। साथ ही एनएचएम कर्मचारियों की छह जायज मांगों को लंबित रखना भी उचित नहीं है।
CG NEWS: संघ ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि कर्मचारियों का लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि होली तो बिना वेतन के बेरंग गुजर गई, कम से कम कर्मचारियों को अपने परिवार का जीवन-यापन करने के लिए समय पर वेतन उपलब्ध कराया जाए।











