CG NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय ने चिकित्सा क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। यहाँ हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने ‘स्पॉन्टेनियस कैरोटिड आर्टरी रप्चर (SCAR)’ के अत्यंत दुर्लभ मामले में सफल सर्जरी कर 40 वर्षीय मरीज की जान बचाई। यह प्रदेश का पहला मामला है, जबकि दुनिया भर में अब तक ऐसे केवल गिने-चुने मामले दर्ज किए गए हैं।
CG NEWS : रायपुर के रहने वाले मरीज को सुबह ब्रश करते समय अचानक गर्दन में तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में सूजन बढ़ी और वह बेहोश हो गया। परिजन तुरंत उसे अंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचे। सीटी एंजियोग्राफी में पता चला कि दाईं कैरोटिड आर्टरी — जो मस्तिष्क तक रक्त पहुंचाती है — अपने आप फट गई थी और वहाँ खून का थक्का बन गया था। डॉक्टरों के अनुसार बिना चोट या संक्रमण के धमनी का इस तरह फटना अत्यंत दुर्लभ माना जाता है।
CG NEWS : विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू ने बताया कि यह मामला चिकित्सकीय दृष्टि से अत्यंत जटिल था, क्योंकि सर्जरी के दौरान मस्तिष्क में रक्त का थक्का जाने पर मरीज को लकवा या मृत्यु का खतरा था। जोखिम के बावजूद टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन पूरा किया। इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी और मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. संतोष सोनकर ने टीम को बधाई दी और इसे संस्थान के लिए “मील का पत्थर” बताया।
CG NEWS : सर्जरी टीम में शामिल रहे विशेषज्ञ
सर्जन — डॉ. कृष्णकांत साहू
एनेस्थेटिस्ट — डॉ. संकल्प दीवान, डॉ. बालस्वरूप साहू
जूनियर डॉक्टर — डॉ. आयुषी, डॉ. अंशिका, डॉ. ख्याति, डॉ. आकांक्षा, डॉ. संजय, डॉ. ओम प्रकाश
नर्सिंग एवं तकनीकी स्टाफ — राजेन्द्र, नरेन्द्र, चोवा, भूपेन्द्र, हरीश एवं टीम
CG NEWS : डॉक्टरों के अनुसार मरीज अब स्वस्थ है और निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह उपलब्धि राज्य में अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं की क्षमता को संकेत देती है।













