CG NEWS : रायपुर। पुलिस आरक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों की शिकायतों को लेकर गृह मंत्री विजय शर्मा ने आज अपने बंगले में अभ्यर्थियों से वन-टू-वन चर्चा की। शुरुआत में जब अभ्यर्थियों ने बंगले के अंदर जाने से इनकार किया, तो गृह मंत्री स्वयं बाहर आए और उनसे बातचीत कर उन्हें अंदर चर्चा के लिए आमंत्रित किया।
CG NEWS : गौरतलब है कि पुलिस विभाग में 5,967 पदों के लिए सितंबर माह में भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप अभ्यर्थियों और विपक्षी दलों द्वारा लगाए जा रहे हैं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को चर्चा के लिए बुलाया था। इससे पहले 19 और 20 दिसंबर को एडीजी स्तर पर भी अभ्यर्थियों से शिकायतों को लेकर बातचीत की जा चुकी है।
CG NEWS : आरक्षक भर्ती में कथित गड़बड़ियों को लेकर मीडिया से चर्चा करते हुए डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यदि प्रावधानों के विपरीत कुछ हुआ है या कोई गलती सामने आती है, तो उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई गलती नहीं है तो चिंता की बात नहीं, लेकिन यदि खामियां पाई जाती हैं तो उन्हें सुधारा जाएगा और भविष्य में और भी भर्तियां निकाली जाएंगी।
CG NEWS : इसके अलावा केरल में छत्तीसगढ़ के एक युवक को बांग्लादेशी समझकर पीट-पीटकर मारे जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि इस घटना से समाज में आक्रोश है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर स्तर पर पीड़ित परिवार को सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है।











