C.G News : जगदलपुर में दर्दनाक हादसा! मवेशियों से भरा कंटेनर पलटा, 50 से ज्यादा गायों की मौत

Rahul Goshwami
अवैध गो-तस्करी के दौरान बड़ा हादसा

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। कोटपाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत घुमर गांव के पास मवेशियों से भरा एक कंटेनर सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में कंटेनर में लदी 50 से अधिक गायों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

अवैध गो-तस्करी के दौरान हुआ हादसा

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह कंटेनर देर रात कोटपाड़ क्षेत्र से घुमर मार्ग होते हुए आंध्रप्रदेश की ओर जा रहा था। कंटेनर में बड़ी संख्या में मवेशियों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। अधिक भार और तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कंटेनर सड़क किनारे पलट गया।

Read More : CG NEWS: हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के घर आधी रात क्राइम ब्रांच की दबिश, गांजा-शराब और डेढ़ लाख नकद जब्त

मौके पर ही दम तोड़ गईं 50 से ज्यादा गायें

हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर में फंसी अधिकांश गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कई मवेशी बुरी तरह कुचले गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घुमर गांव सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को जानकारी दी।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही कोटपाड़ थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि, तब तक 50 से अधिक मवेशियों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, रोजाना हो रही तस्करी का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना अवैध गो-तस्करी की जा रही है। कई बार विरोध और शिकायत के बावजूद तस्करी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों के अनुसार, इसी लापरवाही के चलते आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं और बेकसूर मवेशियों की जान जा रही है।

एक साथ 50 से अधिक गायों की मौत से पूरे गांव में गहरा शोक है, वहीं प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी भी देखी जा रही है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *