RTO checkpoints : ट्रक ड्राइवर ने वसूली करने वाले आरटीओ कर्मी लटकाकर दौड़ाया ट्रक, वीडियो वायरल

0
86

RTO checkpoints : मऊगंज: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना बॉर्डर स्थित आरटीओ नाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। कथित अवैध वसूली से परेशान एक ट्रक ड्राइवर का गुस्सा इस कदर भड़का कि उसने आरटीओ विभाग के एक कर्मचारी को ट्रक की खिड़की पर लटकाकर कई किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ा दी। सोशल मीडिया पर वायरल इस फिल्मी वीडियो ने आरटीओ विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RTO checkpoints : वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति ट्रक की खिड़की को पकड़कर लटका हुआ है और अपनी जान की भीख मांग रहा है। वह इतना डरा हुआ है कि ट्रक के भीतर बैठे ड्राइवर के पैर तक पड़ता नजर आ रहा है। वहीं, ट्रक के अंदर से ड्राइवर और खलासी चिल्लाते हुए कह रहे हैं, “तुम्हें मऊगंज से सीधे रीवा तक ले जाएंगे।” ड्राइवर का आरोप है कि नाके पर तैनात कर्मचारी लगातार अवैध वसूली के नाम पर ट्रक ड्राइवरों को प्रताड़ित करते हैं और आज उसका सब्र का बांध टूट गया।

RTO checkpoints : वायरल वीडियो में ट्रक की रफ्तार काफी तेज नजर आ रही है, जिससे किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। शख्स बार-बार गाड़ी रोकने की गुहार लगा रहा था, लेकिन ड्राइवर ने वसूली के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए उसे काफी दूर तक हवा में लटकाए रखा। वीडियो सामने आने के बाद मऊगंज जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। हालांकि, यह वीडियो किस तारीख का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है, लेकिन इसमें होने वाली बातचीत से यह स्पष्ट है कि यह मऊगंज-रीवा मार्ग का ही मामला है।

RTO checkpoints : जिला प्रशासन और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या वाकई आरटीओ नाके पर अवैध वसूली की जा रही थी और वह व्यक्ति कौन था जो ट्रक पर लटका हुआ था। इस घटना ने एक बार फिर चेक पोस्टों पर होने वाली कथित ‘एंट्री’ और भ्रष्टाचार के मुद्दों को चर्चा में ला दिया है। वहीं, ड्राइवर द्वारा उठाए गए इस जानलेवा कदम की भी आलोचना हो रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here