गरियाबंद: जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। फिंगेश्वर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 27 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय आर्य और पवन (मध्य प्रदेश निवासी) तथा फिरोज (महाराष्ट्र निवासी) के रूप में की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर कार के जरिए मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने बताया कि तस्करों ने कार में विशेष चेंबर बनाकर गांजा छिपाया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोककर तलाशी ली। इसी दौरान छिपा हुआ गांजा बरामद हुआ।
जैसे ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिंगेश्वर पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से ओडिशा से गांजा लाकर पड़ोसी राज्यों में सप्लाई कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे नशा तस्करी से जुड़े मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि आगे भी ऐसी कार्रवाई समय पर की जा सके।











