CG NEWS : रायपुर। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में अग्रवाल समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में समाज के हर वर्ग महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी झांकियों, भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को भक्तिमय और आकर्षक बना दिया।
CG NEWS : शोभायात्रा की शुरुआत अग्रसेन भवन, जवाहर नगर से हुई, जो एम.जी. रोड, रामसागरपारा, गुरु नानक चौक, राठौर चौक, तेलघानी नाका होते हुए श्याम बाबा मंदिर से होकर समता कॉलोनी स्थित गोदावरी सदन तक पहुंची। पूरे मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
CG NEWS : शोभायात्रा में शामिल झांकियों ने समाज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को जीवंत किया। बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आकर्षण को और बढ़ाया, वहीं महिलाओं ने भजन-कीर्तन और झांकियों में भाग लेकर आयोजन को विशेष रूप दिया।
CG NEWS : शाम को समता कॉलोनी स्थित अग्रसेन धाम में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर ‘Go Raipur Go’, बुजुर्गों की चौपाल, नन्हे सितारे, रील मेकर और अग्रसेन कार्निवल जैसी विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
CG NEWS : समारोह के अंतिम चरण में बॉलीवुड गायक मधुर शर्मा अपनी लाइव प्रस्तुति देंगे, जिसका समाजजन बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने समाज के महिला मंडल, युवा मंडल और युवती मंडल की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए सभी अग्रबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शाम के कार्यक्रम में अधिक से अधिक उपस्थिति की अपील की। अग्रसेन जयंती के इस आयोजन ने राजधानी को भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता के रंग में रंग दिया है।













