रायपुर | CG Latest News : रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दौरे और किसान-जवान-संविधान सभा को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस के कार्यक्रम पर भाजपा ने तीखा तंज कसते हुए इसे “नाटक” करार दिया है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने व्यंग्य कसते हुए कहा, “मुझे तो अब खरगे जी के मोबाइल की चिंता हो रही है।” उनका यह बयान सीधे तौर पर कुछ दिनों पहले कांग्रेस मुख्यालय से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का iPhone 15 Pro चोरी होने की घटना से जुड़ा हुआ है।
CG Latest News : भाजपा का प्रशिक्षण बनाम कांग्रेस की सभा
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जारी है, जो पूर्णत: व्यवस्थित और उद्देश्यपूर्ण तरीके से चल रहा है। उन्होंने कहा कि “भाजपा में सभी कार्यकर्ता यह मानते हैं कि जीवनभर अभ्यास जरूरी होता है। अगर कोई खुद को सर्वज्ञ समझता है, तो वह अलग बात है।” शर्मा ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस पार्टी के मुख्यालय में मोबाइल चोरी हो जाए, वहां की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन दोनों पर सवाल उठते हैं।
कांग्रेस मुख्यालय से iPhone चोरी – अब तक खाली हाथ पुलिस
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कांग्रेस NSUI की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के दौरान राजीव भवन में दीपक बैज का मोबाइल चोरी हो गया था। बैठक के बीच बैज जब मीडिया से बातचीत के लिए बाहर निकले, तभी अज्ञात व्यक्ति ने iPhone 15 Pro पर हाथ साफ कर दिया। मामला खम्हारडीह थाना में दर्ज हुआ है, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
राजनीतिक बयानबाज़ी तेज
भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस अब मंच से भाषण देने के बजाय भीतर से अपनी व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दे। वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता इसे “भाजपा की बौखलाहट” बता रहे हैं। खरगे की सभा के जरिए कांग्रेस आगामी रणनीति को धार देने में जुटी है।













