Burhanpur News : बुरहानपुर : बुरहानपुर जिले में आयुष्मान भारत योजना के दुरुपयोग को लेकर नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने जिला कलेक्टर हर्ष सिंह से मुलाकात की और निजी अस्पतालों की अनियमितताओं पर गंभीर शिकायत दर्ज कराई। विधायक दादू ने बताया कि निजी अस्पताल योजना के तहत मरीजों का पंजीयन नियमों के विरुद्ध कर रहे हैं और उन्हें योजनागत लाभ से वंचित किया जा रहा है।
Burhanpur News : उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों में आयुष्मान योजना से संबंधित जानकारी हिंदी में प्रदर्शित नहीं की गई है, न ही शिकायत दर्ज करने के लिए टोल-फ्री नंबर लगाए गए हैं। जिला अस्पताल से निजी अस्पतालों की एंबुलेंस के जरिए मात्र 50 रुपये में मरीजों को निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है। बताया गया कि निजी अस्पतालों के एजेंट जिला अस्पताल में सक्रिय हैं और डॉक्टरों से सांठगांठ कर अधिक कमीशन पाने के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर कर रहे हैं।
Burhanpur News : विधायक ने यह भी कहा कि खकनार क्षेत्र के आदिवासी ग्रामों के मरीजों को गलत जानकारी देकर भर्ती किया जा रहा है और आयुष्मान योजना में गंभीर बीमारियों का झूठा विवरण दिखाकर राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। जिला कलेक्टर ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।











