निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को इंदौर पहुंचे। वे शहर के गुजराती कॉलेज में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए।मुख्यमंत्री एयरपोर्ट से सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे और औपचारिक मेल-मुलाकात के बाद कार्यक्रम में शामिल हो गए।
मालवा-निमाड़ के 22 जिलों के पदाधिकारी मौजूद
इस प्रशिक्षण वर्ग में मालवा-निमाड़ क्षेत्र के 22 जिलों के संगठन पदाधिकारी, मोर्चा प्रभारी, मंत्री, विधायक, महापौर, निगम अध्यक्ष और अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली से जोड़ना बताया गया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रशिक्षण महाभियान 2026 का हिस्सा बने।
उन्होंने कहा कि बीजेपी की विचारधारा और कार्य-पद्धति अन्य दलों से अलग है और इसी कारण पार्टी लगातार कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर जोर देती है।
कार्यकर्ताओं को विचारधारा समझाने पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी में प्रशिक्षण वर्ग कोई नई परंपरा नहीं है। यह एक सतत प्रक्रिया है जो पहले से आयोजित होती रही है।
उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण वर्गों का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे और विशिष्ट कार्यशैली के बारे में विस्तार से समझाना है।
कांग्रेस पर हेमंत खंडेलवाल का पलटवार
मीडिया से चर्चा के दौरान हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की भोपाल में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर पलटवार किया।उन्होंने कहा कि न्यायालय पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। रावत से जुड़े मामले में अदालत ने परिस्थितियों के आधार पर निर्णय लिया है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।खंडेलवाल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को न्यायालयीन प्रक्रिया की मर्यादा समझनी चाहिए।











