Bhopal Police: भोपाल में नशे के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई 300 पुलिसकर्मियों ने इतवारा में मारा छापा, तहखानों और कपड़ों में छिपा मिला गांजा

Anuj Nirala

Bhopal Police: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान और ‘मिशन ड्रग फ्री भोपाल’ के तहत शनिवार देर रात पुलिस ने पुराने भोपाल के संवेदनशील इतवारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। इस अभियान में 300 से अधिक पुलिसकर्मी, जिनमें बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं, ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है।

60 से 70 मकानों में एक साथ हुई तलाशी

पुलिस आयुक्तालय के निर्देश पर डीसीपी आयुष गुप्ता के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। घनी आबादी और संकरी गलियों वाले इतवारा क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ करीब 60 से 70 मकानों की तलाशी ली। देर रात हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

MP Road Accident: MP में मौत का ब्लैक संडे राजगढ़ में कार हादसे में 5 की मौत, नरसिंहपुर में ट्रक ने 3 मजदूरों को रौंदा, उज्जैन में स्कूटी की टक्कर CCTV में कैद

तहखानों और कपड़ों के बीच छिपाकर रखा गया था गांजा

Bhopal Police: तलाशी के दौरान पुलिस को कई घरों में फर्श के नीचे बने गुप्त तहखाने मिले, जहां बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। कुछ स्थानों पर मादक पदार्थों को कपड़ों और घरेलू सामान के बीच छिपाकर रखा गया था, ताकि पुलिस की नजर से बचाया जा सके। पुलिस ने सभी संदिग्ध ठिकानों से बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है। फिलहाल गांजे की कुल मात्रा का आकलन किया जा रहा है।

भोपाल समेत आसपास के जिलों तक फैला था नेटवर्क

Bhopal Police: प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इतवारा क्षेत्र से बड़े पैमाने पर गांजे की सप्लाई भोपाल के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ आसपास के जिलों तक की जाती थी। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क, तस्करों की भूमिका और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें

एसीपी संतोष कुमार पटेल ने बताया कि पुलिस को काफी समय से इतवारा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर विशेष रणनीति बनाकर यह संयुक्त अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि तलाशी और जब्ती की कार्रवाई अभी जारी है। अभियान पूरा होने के बाद ही बरामद गांजे की कुल मात्रा और आरोपियों के खिलाफ दर्ज होने वाले मामलों की जानकारी साझा की जाएगी।

Rajgarh Accident: राजगढ़ में दर्दनाक हादसा तालाब में गिरी तेज रफ्तार कार, दरवाजे लॉक होने से 5 श्रद्धालुओं की मौत

महिला पुलिस बल की भी रही अहम भूमिका

Bhopal Police: इतवारा की घनी आबादी और पूर्व में ऐसे अभियानों के दौरान हुए विरोध को देखते हुए पुलिस ने इस बार बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया। महिला पुलिस की मौजूदगी में तलाशी अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई।

नशे के नेटवर्क पर जारी रहेगी कार्रवाई

भोपाल पुलिस का कहना है कि एनडीपीएस एक्ट के तहत इतवारा, छोला, तलैया और आरिफ नगर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का लक्ष्य केवल मादक पदार्थ जब्त करना नहीं, बल्कि पूरे ड्रग नेटवर्क और उसकी सप्लाई चेन को ध्वस्त करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *