MP Road Accident: MP में मौत का ब्लैक संडे राजगढ़ में कार हादसे में 5 की मौत, नरसिंहपुर में ट्रक ने 3 मजदूरों को रौंदा, उज्जैन में स्कूटी की टक्कर CCTV में कैद

Anuj Nirala

MP Road Accident: भोपाल। मध्य प्रदेश में रविवार सड़क हादसों के लिहाज से बेहद दर्दनाक साबित हुआ। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए तीन बड़े हादसों ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। राजगढ़ में तेज रफ्तार कार पुल से नीचे नाले में गिर गई, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई। नरसिंहपुर में काम पर जा रहे तीन मजदूरों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उज्जैन के बड़नगर में तेज रफ्तार स्कूटी ने सड़क पार कर रहे अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

राजगढ़ में पुल से नाले में गिरी कार, पांच लोगों की दर्दनाक मौत

राजगढ़ जिले के पचोर-खुजनेर मार्ग पर भीलखेड़ी जोड़ के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

MP Scholarship 2026: एमपी में लागू होगी ‘भगवान श्रीकृष्ण छात्रवृत्ति योजना’, 102 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे ₹1-1 लाख; स्कूल से यूनिवर्सिटी तक प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल खुजनेर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

नरसिंहपुर में ट्रक ने तीन मजदूरों को कुचला, मौके पर हुई मौत

MP Road Accident: नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव रोड पर एक और दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पिपासरा गांव के रहने वाले प्रहलाद लोधी, प्रकाश लोधी और शिवम ठाकुर एक ही मोटरसाइकिल से मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही गोटेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

उज्जैन में तेज रफ्तार स्कूटी ने अधेड़ को उछाला, CCTV में कैद हुई घटना

MP Road Accident: उज्जैन जिले के बड़नगर में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कूटी ने सड़क पार कर रहे अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे शिवजी चौराहे पर हुआ।सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि अधेड़ जैसे ही सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अधेड़ कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि स्कूटी चला रही युवती भी वाहन सहित सड़क पर गिर गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उज्जैन रेफर किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Morena Road Project: मुरैना में ₹49 करोड़ की सड़क पर उठे सवाल, जर्जर निर्माण बना हादसों की वजह; बाइक फिसलने से 4 साल की बच्ची और मां घायल

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

MP Road Accident: एक ही दिन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए इन भीषण हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण लगातार दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन और वाहनों की नियंत्रित गति ही ऐसे हादसों को रोक सकती है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें, सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और सड़क पर सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *