Bhanupratappur News: भानुप्रतापपुर। जिले में अलग-अलग सड़क और रेल हादसों में 14 मवेशियों की मौत हो गई। पहली घटना भैंसाकन्हार के पास बीती रात हुई, जहां रेलवे ट्रैक पार करते समय 10 मवेशी ट्रेन की चपेट में आ गए। वहीं दूसरी घटना भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक में सुबह करीब 5 बजे हुई, जहां अज्ञात ट्रक की टक्कर से चार मवेशियों की मौत हो गई।
भैंसाकन्हार में हुई घटना की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीएम गंगाधर वाहिले प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया। बताया गया कि मृत मवेशी स्थानीय पशुपालक रमेश विक के थे। प्रशासन ने नियमानुसार पशुपालक को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पशुपालक रमेश उइके ने बताया कि गांव के पास रेलवे ट्रैक के दोनों ओर लंबा मोड़ है। उनका कहना है कि मोड़ होने के कारण कई बार ट्रेन अचानक नजर आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेन का हॉर्न समय पर सुनाई नहीं देने से रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद पशुपालकों और मवेशियों को ट्रेन के आने की जानकारी नहीं हो पाती।
Bhanupratappur News: इधर, भानुप्रतापपुर मुख्य चौक पर सुबह करीब 5 बजे अज्ञात ट्रक ने चार मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Bhanupratappur News: एक ही दिन में हुई इन दो घटनाओं में 14 मवेशियों की मौत के बाद रेलवे ट्रैक और सड़कों पर मवेशियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






