Bhopal Crime: भोपाल में महिला RTO इंस्पेक्टर की हत्या से सनसनी, सिर पर हथौड़े से किए वार; कुछ दूरी पर दोस्त का शव फंदे से लटका मिला

Anuj Nirala

Bhopal Crime: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में RTO में पदस्थ महिला इंस्पेक्टर की हत्या का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई। खजूरी सड़क थाना क्षेत्र की लेखपाल कॉलोनी में महिला अधिकारी का शव उसके घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर महिला इंस्पेक्टर के दोस्त का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। दोनों घटनाओं को जोड़कर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मृतका की पहचान मीनाक्षी गोखले के रूप में हुई है। वह दतिया में RTO इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थीं। पुलिस के अनुसार, रविवार को भंवरी जोड़ स्थित लेखपाल कॉलोनी में उनके घर में यह वारदात हुई। घर के एक कमरे में मीनाक्षी का शव मिला। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल से पुलिस ने एक हथौड़ा भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

दोस्त के घर आने के बाद सामने आया पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, रविवार 20 सितंबर को मीनाक्षी की दोस्त कृतिका उनके घर आई थीं। कृतिका महिला इंस्पेक्टर की तीन वर्षीय बेटी के साथ घर के अंदर वाले कमरे में सो रही थीं, जबकि मीनाक्षी बाहर वाले कमरे में थीं।

Read More: MP News: स्वामित्व योजना में बदला रजिस्ट्री का नियम, अब पटवारी के नाम नहीं होगी संपत्ति दर्ज

सुबह जब कृतिका की नींद खुली तो उन्होंने मीनाक्षी को कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही खजूरी सड़क थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ ही FSL टीम को भी बुलाया। FSL विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

हत्या के बाद दोस्त ने पेड़ पर फांसी लगाई

पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला इंस्पेक्टर के दोस्त पवन द्विवेदी का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि पवन मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था। वह पहले इंदौर में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग क्लास चलाता था। मीनाक्षी और पवन की पहचान भी इंदौर में रहने के दौरान हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, महिला इंस्पेक्टर की हत्या के बाद पवन ने उनके घर के पास ही एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने उसका शव बरामद कर लिया है। अब जांच का अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि मीनाक्षी की हत्या और पवन की आत्महत्या के बीच क्या संबंध था।

शादी को लेकर विवाद की बात आई सामने

पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद की बात सामने आने की जानकारी है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटना के पीछे का पूरा घटनाक्रम अभी जांच का विषय है। पुलिस इस पहलू के साथ-साथ दोनों के बीच संबंध, उनके बीच हुई बातचीत और घटना से पहले की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।मीनाक्षी तलाकशुदा थीं और उनकी तीन साल की बेटी है। उनकी मौत के बाद बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।

Read More: MP News: दो बीघा जमीन के विवाद ने गोरमी थाने में मचाया बवाल, खेत में मारपीट के बाद थाना परिसर में भिड़े दोनों पक्ष

पुलिस ने शुरू की हर पहलू से जांच

पुलिस ने घटनास्थल से हथौड़ा बरामद किया है और FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अब पुलिस हत्या की परिस्थितियों को समझने के लिए घटनास्थल से मिले सबूतों के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस इस मामले को हत्या और उसके बाद हुई दोस्त की मौत के घटनाक्रम से जोड़कर देख रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और दोनों घटनाओं के बीच संबंध को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *