MP Bus Fare Hike: भोपाल। मध्यप्रदेश में यात्री बसों से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश सरकार ने यात्री बसों के किराए में 75 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इसके बाद प्रदेश में बस यात्रा के लिए नई किराया दर 2 रुपए प्रति किलोमीटर निर्धारित की गई है। इससे पहले यात्रियों से करीब 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से किराया लिया जा रहा था।
नई दर लागू होने के बाद प्रदेश के अलग-अलग शहरों के बीच बस से सफर करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक किराया चुकाना होगा। खासतौर पर लंबी दूरी के रूट पर जाने वाले यात्रियों की जेब पर इसका ज्यादा असर पड़ेगा।
बस ऑपरेटर लंबे समय से कर रहे थे किराया बढ़ाने की मांग
बस संचालक लंबे समय से किराए में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। उनका तर्क था कि बस संचालन से जुड़ी लागत लगातार बढ़ रही है। डीजल, मोटरयान कर, बीमा, बसों के रखरखाव, स्पेयर पार्ट्स और कर्मचारियों के वेतन पर खर्च बढ़ने के बावजूद पिछले कई वर्षों से किराए में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई थी।
MP में हवाई कनेक्टिविटी का बड़ा विस्तार, अब भोपाल से रीवा-पटना और जबलपुर से कोलकाता तक सीधी उड़ान
बस ऑपरेटरों ने सरकार के सामने 2.50 रुपए प्रति किलोमीटर किराया निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा था। हालांकि सरकार ने फिलहाल 2 रुपए प्रति किलोमीटर की दर को मंजूरी दी है।
भोपाल, नागपुर और इंदौर समेत इन रूट पर बढ़ेगा असर
किराया बढ़ने का सीधा असर बैतूल सहित प्रदेश के कई प्रमुख रूटों पर दिखाई देगा। बैतूल से भोपाल, नागपुर, अमरावती और इंदौर जाने वाले यात्रियों को अब अधिक किराया देना होगा।इसके अलावा इटारसी, नर्मदापुरम, मुलताई, आमला, शाहपुर और भैंसदेही जैसे रूटों पर चलने वाली यात्री बसों में भी नई दर के अनुसार किराया लिया जाएगा।रोजाना नौकरी, कारोबार, पढ़ाई या अन्य कामों के लिए बस से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए किराए में यह बढ़ोतरी मासिक यात्रा खर्च को भी प्रभावित कर सकती है।
ऑपरेटरों की हड़ताल का संकट भी टला
MP Bus Fare Hike: बस किराया बढ़ाने को लेकर प्रदेश के मोटर मालिकों की 26 जुलाई को सागर में बैठक हुई थी। बैठक में बस ऑपरेटरों ने सरकार से किराए में बढ़ोतरी को लेकर 7 अगस्त तक निर्णय लेने की मांग की थी। समय सीमा के बाद सरकार की ओर से किराया बढ़ाने का फैसला लिया गया।किराया बढ़ाए जाने के बाद बस संचालकों की ओर से प्रस्तावित हड़ताल का संकट भी टल गया है। इससे यात्रियों को बस सेवाएं प्रभावित होने की संभावित परेशानी से राहत मिली है।
Raisen News: जर्जर मकान की दीवार भरभराकर गिरी, मजदूर की मौत; तीन घायल
लंबी दूरी की यात्रा पर ज्यादा असर
नई दर का सबसे ज्यादा असर लंबी दूरी की बस यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। दूरी बढ़ने के साथ किराए में भी अंतर बढ़ेगा। वहीं इंदौर जैसे प्रमुख रूटों पर बस के प्रकार और टिकट बुकिंग व्यवस्था के अनुसार वास्तविक किराया अलग-अलग हो सकता है।
सरकार के इस फैसले से जहां बस संचालकों को बढ़ती संचालन लागत के बीच राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं नियमित बस यात्रियों को अब यात्रा के लिए पहले की तुलना में अधिक राशि खर्च करनी होगी।




