Raipur Crime: मोबाइल गुम होते ही बैंक खाता साफ! रिटायर्ड बुजुर्ग के UPI से 3 लाख पार, तीन दिन तक चलता रहा खेल

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मोबाइल गुम होने के बाद एक रिटायर्ड बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब 3 लाख रुपये पार कर दिए गए। अज्ञात ठग ने तीन दिनों के भीतर यूपीआई के जरिए खाते से 2,99,998 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Raipur Crime: मोबाइल गुम हुआ, फिर खाते से निकलने लगी रकम

पुलिस के अनुसार, डंगनिया स्थित बम्लेश्वरी मंदिर के पास साई मंदिर रोड निवासी 70 वर्षीय राजेश खरे सीएसईबी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनका यूको बैंक की फाफाडीह मुख्य शाखा में खाता है। राजेश खरे ने बताया कि 23 अक्टूबर को शुक्रवारी बाजार में उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया था। इसके बाद उन्होंने आजाद चौक थाने में मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और उसी नंबर का दूसरा सिम कार्ड ले लिया। लेकिन मोबाइल गुम होने के कुछ दिनों बाद उनके बैंक खाते से रकम निकलने का सिलसिला शुरू हो गया।

तीन दिन में 2,99,998 रुपये ट्रांसफर

पीड़ित के मुताबिक, 26, 27 और 28 अक्टूबर को उनके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए। इन तीनों ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2,99,998 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान पीड़ित को बैंक की ओर से ट्रांजेक्शन का कोई मैसेज नहीं मिला। उन्हें ठगी का पता तब चला, जब 30 अक्टूबर को मोबाइल पर खाते में केवल 10 हजार रुपये शेष होने का संदेश आया।

Raipur Crime: बैंक स्टेटमेंट से खुला ठगी का राज

Raipur Crime: खाते में इतनी कम रकम देखकर राजेश खरे को संदेह हुआ। उन्होंने बैंक पहुंचकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, जिसके बाद तीन दिनों में हुई संदिग्ध निकासी का खुलासा हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल गुम होने के बाद आरोपी ने यूपीआई के जरिए बैंक खाते तक पहुंच कैसे बनाई और रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।

 

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *