Gharghoda News: घरघोड़ा। विश्व सफाई दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार 20 सितंबर 2026 को वन परिक्षेत्र घरघोड़ा, वन मंडल रायगढ़ की ओर से ग्राम पानीखेत में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और वन विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की सड़क और जल प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सुलूकधौरा से पानीखेत तक पहुंच मार्ग के निर्माण और पानीखेत से सुलूकधौरा मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण को लेकर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की समस्या के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने पानीखेत के झरिया नाला में बने सरकारी बांध की स्थिति पर भी चिंता जताई। बताया गया कि यह बांध आसपास के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन है। इसके अलावा ग्रामीण नहाने, पशुओं को पानी पिलाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए भी इस जलस्रोत का उपयोग करते हैं।
कंपनियों के प्रदूषण से जलस्रोत प्रभावित होने का आरोप
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में संचालित कंपनियों से निकलने वाली डस्ट और प्रदूषण के कारण बांध का पानी दूषित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बांध के ऊपरी हिस्से में डस्ट जमा होने से दलदल की स्थिति बन गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस दलदली क्षेत्र में हाथियों के बच्चे फंसने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे उनकी जान जाने का दावा किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलस्रोत और आसपास के क्षेत्र की स्थिति में जल्द सुधार किया जाना जरूरी है, ताकि किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी गंभीर समस्या से बचा जा सके।
Gharghoda News: कार्यक्रम में किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष, प्रदेश संयुक्त महासचिव ग्राम पंचायत सदस्य एसोसिएशन, जिला कोषाध्यक्ष हरदिहा पटेल समाज रायगढ़, उपसरपंच जगजीवन पटेल, रेंजर जमुना प्रसाद सिंह, डिप्टी रेंजर विजय भगत, उदल सिंह राठिया सहित ग्रामीण और वन परिक्षेत्र घरघोड़ा के कर्मचारी मौजूद रहे।






