जबलपुर : पनागर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित ज्वेलरी लूटकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। भूरा ज्वेलर्स के संचालक सुनील सोनी और उनके बेटे संभव सोनी पर फायरिंग कर की गई लूट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सामने आए फुटेज में बाइक सवार नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 4 से 5 नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर पहले इलाके में रेकी करते नजर आए। इसके बाद उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से ज्वेलर्स को निशाना बनाया और फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए लूट को अंजाम दिया।
Read More : खंडवा: दिनदहाड़े लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 500 CCTV फुटेज की मदद से किया लूट का पर्दाफाश
ज्वेलर्स पिता-पुत्र पर की थी फायरिंग
घटना के दौरान बदमाशों ने सुनील सोनी और उनके बेटे सम्भव सोनी पर गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि दोनों की जान बच गई। फायरिंग के बाद बदमाश मौके से तीन बैग में भरे कीमती आभूषण लूटकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज बना पुलिस के लिए अहम सुराग
वारदात के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों के हुलिए, बाइक और मूवमेंट स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।
पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं
पनागर पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











