इंदौर। Indore News : पुलिस ने नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एमआर 10 रोड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से कुल 56,000 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए। हर आरोपी के पास 12,000 से 16,000 रुपये के नोट थे।
Indore News : पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ लोग नकली नोटों का कारोबार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने निगरानी शुरू की और कोमेड़ी कांकड़, एमआर 10 के पास से चार संदिग्धों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में खंडवा के यशराज मीणा और सोम मीणा, हरदा का एक आरोपी और न्यू गौरी नगर (रीवा निवासी) शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी खंडवा में एक प्रिंटिंग प्रेस चला रहे थे, जहां नकली नोट छापकर उन्हें बाजार में असली नोटों के साथ मिलाकर चलाते थे। पुलिस ने आरोपियों को दो दिन की रिमांड पर लिया है और रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यह संगठित अपराध का मामला है और संबंधित सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











