नई दिल्ली : एशिया कप हॉकी 2025 के पूल ए के कड़े मुकाबले में भारत ने जापान को 3-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सुपर-4 चरण में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। भारत की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो पेनल्टी कॉर्नर गोल और मनदीप सिंह का एक गोल अहम रहा। जापान की ओर से दोनों गोल कोसेई कावाबे ने किए।
मैच की शुरुआत में ही भारत ने बढ़त बनाई। चौथे मिनट में मनदीप सिंह ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 से आगे किया। पांचवें मिनट में लगातार मिले दो पेनल्टी कॉर्नर में हरमनप्रीत ने दूसरे प्रयास में गोल कर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। जापान ने पहले क्वार्टर में दो पेनल्टी कॉर्नर लिए, लेकिन भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने शानदार बचाव किया।
दूसरे क्वार्टर में जापान को लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारत ने सभी हमलों को रोका। खेल के मध्यांतर से तीन मिनट पहले भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन मौका गंवा दिया। तीसरे क्वार्टर में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर से हरमनप्रीत का दूसरा गोल कर दो गोल की बढ़त हासिल की। जापान ने 38वें और 59वें मिनट में कावाबे के गोल से जवाब दिया, लेकिन भारत की बढ़त बरकरार रही।
Read News : Rajnandgaon News : पुरेना के बच्चों ने गणेश बनाकर मिट्टी कला का प्रदर्शन किया
भारत ने दो मैचों में लगातार जीत दर्ज कर सुपर-4 में प्रवेश का एक पैर रख लिया है। पूल ए में भारत के छह अंक हैं, जबकि जापान और चीन ने एक-एक मैच में जीत हासिल की है। कजाखस्तान अभी तक बिना किसी जीत के है। भारत का अगला मुकाबला कजाखस्तान से होगा।
पूल बी में मलेशिया 6 अंकों के साथ शीर्ष पर है। कोरिया और बांग्लादेश क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। इस जीत के साथ भारतीय टीम का नॉकआउट स्टेज में जगह लगभग पक्की हो गई है। टीम के बेहतर समन्वय और तेज खेल ने प्रतिद्वंद्वी को लगातार दबाव में रखा।









