PM housing scam : रीवा – रीवा में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम आयुक्त ने जांच के आदेश दिए हैं। दरअसल, आयुक्त को शिकायतें मिली थीं कि कई अपात्र लोगों को इस योजना का लाभ दिया गया है और कई लाभार्थियों ने अपने आवास किराए पर दे रखे हैं।
क्या है पूरा मामला…
नगर निगम आयुक्त सौरभ सोनवड़े को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नियमों को ताक पर रखकर अपात्र लोगों को दिया जा रहा है। यह योजना गरीब तबके के लोगों के लिए शुरू की गई थी, लेकिन कई लोग इसका दुरुपयोग कर रहे हैं।
जांच के दौरान, एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। निगम आयुक्त ने बताया कि 115 ऐसे प्रधानमंत्री आवास मिले हैं, जिन्हें लोगों ने किराए पर दे रखा था। इसके अलावा, 119 मकानों पर ताले लटके हुए पाए गए, जिससे यह संकेत मिलता है कि वहां कोई नहीं रह रहा है। जबकि, 270 आवासों में सही लोग रहते हुए पाए गए।
अपात्र लोगों पर होगी कार्रवाई
निगम आयुक्त सौरभ सोनवड़े ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की गाइडलाइन के अनुसार, आवास का उपयोग केवल लाभार्थी के रहने के लिए होना चाहिए। किराए पर देने या खाली रखने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस मामले से योजना की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं, और प्रशासन इस घोटाले में शामिल लोगों की पहचान कर रहा है।













